Shimla : लाइट जलाते ही गैस सिलेंडर फटने से 2 युवक गंभीर रूप से घायल

Update: 2025-03-13 01:02 GMT
Shimla शिमला: उपमंडल के दूरदराज क्षेत्र की ग्राम पंचायत काशापाट में बुधवार सुबह करीब साढ़े चार बजे लाइट ऑन करते ही गैस सिलेंडर फटने से दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि एक मकान को लाखों रुपये का नुकसान हुआ है। घायलों को उपचार के लिए महात्मा गांधी सेवा चिकित्सा परिसर खनेरी ले जाया गया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें आईजीएमसी शिमला रेफर कर दिया गया। हादसे की सूचना मिलते ही पंचायत प्रधान पुष्पा सनाटू, उपप्रधान पन्ना लाल कश्मीरी, वार्ड सदस्य राज कुमारी और राकेश ठाकुर मौके पर पहुंचे। इसके बाद स्थानीय प्रशासन और पुलिस को सूचित किया गया।
इस हादसे में दीवान 35 साल पुत्र किशोरी लाल और रवि 23 साल पुत्र प्रकाश गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। धमाके से टिकम दास पुत्र अमर दास के दो मंजिला मकान को भारी नुकसान पहुंचा है, जिसमें 2 कमरे पूरी तरह से नष्ट हो गए। मौके पर पहुंचे राजस्व विभाग के अधिकारियों ने नुकसान का आकलन शुरू कर दिया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। टिकम दास को प्रशासन की ओर से फौरी राहत राशि प्रदान कर दी गई है।
Tags:    

Similar News