Himachal Pradesh हिमाचल प्रदेश: कांगड़ा Kangra के उपायुक्त हेमराज बैरवा ने धर्मशाला में राजस्व अधिकारियों की बैठक के दौरान देहरा के तहसीलदार कर्मचंद कालिया, नगरोटा के तहसीलदार अशोक कुमार तथा नूरपुर की तहसीलदार राधिका सैनी को उनके द्वारा दी गई उत्कृष्ट राजस्व सेवाओं के लिए सम्मानित किया। तहसीलदारों ने अपने कार्यकाल के दौरान भूमि हस्तांतरण, भूमि विभाजन तथा राजस्व प्रविष्टियों को दुरुस्त करने में उत्कृष्ट कार्य किया। इसके साथ ही भूमि से संबंधित मामलों के पारदर्शिता के साथ निपटान के लिए राजस्व विभाग द्वारा निर्धारित लक्ष्यों को पूरा करने पर जिला प्रशासन द्वारा उन्हें सम्मानित किया गया है। बैरवा ने कहा कि सभी राजस्व अधिकारियों की प्रगति रिपोर्ट की नियमित समीक्षा की जा रही है तथा अच्छा प्रदर्शन करने वालों को प्रशंसा पत्र भी दिए जा रहे हैं, ताकि सभी अधिकारी राजस्व से संबंधित कार्यों के शीघ्र निपटान के लिए प्रेरित हो सकें। डीसी बैरवा ने कहा कि राजस्व विभाग आम जनता से जुड़ा हुआ है तथा सभी अधिकारियों को विभाग के कार्यों में पारदर्शिता बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि लोगों को बेहतरीन सेवाएं मिल सकें।