Narnaul: मंदिर चोरी का खुलासा, पुलिस ने दो को पकड़ा
मंदिर में चोरी करने वाले दो आरोपी गिरफ्तार
नारनाैल: अटेली मंडी क्षेत्र में मंदिर में हुई चोरी के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने दोनों आरोपियों को कनीना मार्केट से पकड़ा। उनकी पहचान गुढ़ा निवासी सुधीर और धनौंदा निवासी विनय के रूप में हुई है। आरोपियों के कब्जे से मंदिर से चोरी किए गए दो पीतल के घंटे बरामद किए गए हैं।
डीएसपी डॉ. कविता ने सोमवार को बताया कि 12 सितंबर को थाना अटेली मंडी पुलिस को मंदिर में चोरी की सूचना मिली थी।
महासर निवासी सुरेश ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह पिछले करीब सात-आठ वर्षों से मंदिर में पूजा-पाठ का कार्य कर रहा है। 11 सितंबर की शाम करीब सात बजे आरती करने के बाद वह मंदिर बंद कर घर चला गया था।
अगली सुबह जब वह आरती करने के लिए मंदिर पहुंचा तो वहां से पीतल का घंटा गायब मिला। मंदिर में रखा दानपात्र भी खुला हुआ था और अन्य सामान भी मौके पर नहीं मिला। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी।
चोरी की सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। इसके बाद पुलिस ने मौके से मिले तथ्यों के साथ तकनीकी और मानवीय सूचनाओं का विश्लेषण किया। जांच के दौरान पुलिस को आरोपियों के बारे में जानकारी मिली। इसके आधार पर टीम ने कार्रवाई करते हुए सूचना मिलने के करीब तीन घंटे के भीतर दोनों आरोपियों को कनीना मार्केट से गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस पूछताछ के दौरान आरोपियों की निशानदेही पर मंदिर से चोरी किए गए दो पीतल के घंटे बरामद किए गए। पुलिस ने बरामद सामान को नियमानुसार कब्जे में ले लिया है। मामले में आरोपियों की भूमिका और चोरी से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच जारी है।
पुलिस के अनुसार, सुधीर के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट और चोरी के मामले दर्ज हैं। वहीं विनय के खिलाफ जुआ और चोरी से संबंधित दो मामले पहले से दर्ज हैं।