Mandi मंडी: लगातार हो रही मूसलाधार बारिश ने एक और परिवार को बेघर कर दिया है। ग्राम पंचायत डैहर के अंतर्गत आने वाले गांव डैहर में रणजीत सिंह पुत्र सुखराम का दो मंजिला स्लेटपोश मकान भारी बारिश के कारण एक तरफ से पूरी तरह ढह गया है और मकान कभी भी गिर सकता है, जिससे लाखों का नुकसान हो सकता है। गनीमत रही कि हादसे के समय परिवार के सभी सदस्य सुरक्षित स्थान पर चले गए थे, जिससे कोई जनहानि नहीं हुई।
मकान के साथ-साथ घर का सारा सामान भी मलबे में दब गया है, जिससे परिवार को भारी आर्थिक नुकसान हुआ है। स्थानीय प्रशासन को घटना की सूचना दे दी गई है। पटवारी मौके पर पहुंचकर नुकसान का जायजा ले रहे हैं और राहत कार्य शुरू कर दिया गया है। प्रभावित परिवार ने सरकार और प्रशासन से उचित मुआवजे और सहायता की मांग की है।