Mandiमंडी: सुंदरनगर नगर परिषद क्षेत्र में विवादित नारे लगाने के मामले में पुलिस ने मामले में संलिप्त सभी 10 आरोपियों की पहचान कर ली है। हैरानी की बात यह है कि मामले में 6 आरोपी नाबालिग हैं, जिनमें से एक सुंदरनगर का रहने वाला है, जबकि अधिकतर झुग्गी-झोपड़ियों में रहते हैं। पुलिस ने अन्य 4 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि नाबालिगों को उनके परिजनों को सौंप दिया गया है। प्रारंभिक जांच में विवादित नारे लगाने के पीछे कोई तार नहीं मिले हैं।
उधर, सब डिवीजन कोर्ट के अधिवक्ता जितेंद्र शर्मा के शिकायत पत्र के आधार पर पुलिस थाना सुंदरनगर ने धार्मिक आधार पर समुदायों के बीच नफरत फैलाने के आरोप में भारतीय दंड संहिता की धारा 196 के तहत एफआईआर दर्ज कर आगामी जांच शुरू कर दी है। जितेंद्र शर्मा पुत्र रमेश चंद शर्मा निवासी गांव खतरवाड़ी, डाकघर अप्पर बैहली और तहसील सुंदरनगर ने शिकायत पत्र में कहा है कि यह घटना क्षेत्र की शांति और सुरक्षा के लिए खतरे का संकेत हो सकती है। एसपी मंडी साक्षी वर्मा ने बताया कि पुलिस ने मामले में एफआईआर दर्ज कर आगामी जांच शुरू कर दी है।