Manali मनाली : मुंबई से अपने रिश्तेदारों के साथ हिमाचल के मनाली घूमने आई एक महिला पर्यटक की अचानक मृत्यु हो गई। ऐसा प्रतीत होता है कि उनसकी मृत्यु ठंड लगने की वजह से हुई। मृतका की पहचान 38 वर्षीय प्रियंका विश्नु दुखांडे के रूप में हुई है। प्रियंका मुंबई के कलाचौकी की रहने वाली थी। बता दें कि मनाली में बर्फबारी की वजह से हाल के दिनों में तापमान शून्य से नीचे चला गया है। पुलिस के अनुसार, प्रियंका ने मंगलवार सुबह अपनी आंटी के साथ मनाली से 15 किलोमीटर दूर स्थित खूबसूरत सोलंग वैली की यात्रा की थी।
पुलिस ने आगे बताया कि लौटते समय प्रियंका को अचानक अत्यधिक कंपकंपी होने लगी और उनकी स्थिति तेजी से बिगड़ने लगी। उनकी आंटी उन्हे मनाली के एक अस्पताल में ले गईं, जहां डॉक्टरों ने प्रियंका को मृत घोषित कर दिया। एक पुलिस अधिकारी ने इस मामले में किसी भी प्रकार की दोषारोपण की संभावना को खारिज कर दिया। पुलिस ने मामले में किसी भी प्रकार की साजिश या आपराधिक गतिविधि से इनकार किया है और प्रारंभिक तौर पर मौत का कारण अत्यधिक ठंड को माना जा रहा है।