Kullu कुल्लू: कुल्लू ज़िले के पतलीकूहल स्थित अपने क्वार्टर में एक व्यक्ति ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतक की पहचान लाल चंद (46) पुत्र राम लाल निवासी जुंडा, तहसील उदयपुर, ज़िला लाहौल-स्पीति के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, लाल चंद पतलीकूहल में किराए के क्वार्टर में रहता था। उसने दुपट्टे से फंदा लगाकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुँची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पुलिस को दिए बयान में परिजनों ने बताया कि लाल चंद कुछ समय से मानसिक रूप से परेशान था। आशंका है कि इसी तनाव के चलते उसने यह कदम उठाया। डीएसपी कुल्लू केडी शर्मा ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और घटना के सभी पहलुओं की जाँच कर रही है।