Kullu कुल्लू: मनाली के ऊँचे पहाड़ों में फंसे 51 वर्षीय ऑस्ट्रेलियाई पैराग्लाइडर पायलट को 20 घंटे के चुनौतीपूर्ण बचाव अभियान के बाद सफलतापूर्वक बचा लिया गया है। 13,500 फीट की ऊँचाई पर एक पहाड़ पर चढ़ते समय पायलट का पैराग्लाइडर क्षतिग्रस्त हो गया था। वह फिलहाल मनाली के मिशन अस्पताल में भर्ती है और उसकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, ऑस्ट्रेलियाई पायलट मनाली से बीर जा रहा था। ऊँचे पहाड़ पर चढ़ते समय उसके पैराग्लाइडर में तकनीकी खराबी आ गई, जिससे वह एक संकरी खाई में गिर गया। गनीमत रही कि उसके साथ उड़ान भर रहे एक अन्य पायलट ने यह घटना देखी और तुरंत मदद के लिए पुकारा।
सूचना मिलने पर, बीर पैराग्लाइडिंग एसोसिएशन ने तुरंत प्रतिक्रिया दी और एडवेंचर टूर एसोसिएशन, मनाली से संपर्क किया। दोनों एसोसिएशनों ने मिलकर एक बचाव रणनीति बनाई। एडवेंचर टूर एसोसिएशन, मनाली की बचाव टीम को देर रात पहाड़ पर भेजा गया। मंगलवार सुबह जब मौसम साफ हुआ, तो हेलीकॉप्टर की मदद ली गई। हेलीकॉप्टर ने 13,500 फीट की ऊँचाई पर एक संकरी खाई में पड़े घायल पायलट को सुरक्षित रूप से एयरलिफ्ट किया और मनाली पहुँचाया।
बीड पैराग्लाइडिंग एसोसिएशन के खोज एवं बचाव प्रमुख करण वीर सिंह और एडवेंचर टूर एसोसिएशन, मनाली के बचाव दल प्रभारी रमेश कुमार जोगी ने बताया कि यह एक बेहद मुश्किल अभियान था। पायलट लगभग 20 घंटे तक ज़िंदगी और मौत के बीच जूझता रहा। दोनों एसोसिएशनों के सदस्यों के बीच बेहतरीन समन्वय और सहयोग के कारण यह मिशन सफलतापूर्वक पूरा हुआ। उन्होंने बताया कि ऑस्ट्रेलियाई पायलट अब सुरक्षित है।
Tags: