Kullu कुल्लू : हिमाचल प्रदेश के कुल्लू जिले के उपमंडल आनी के कटाहर गांव में एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। यहां एक सनकी युवक ने शादी का प्रस्ताव ठुकराए जाने से नाराज होकर एक परिवार को जिंदा जलाने की नीयत से उनके घर में आग लगा दी। गनीमत यह रही कि समय रहते पड़ोसियों ने आग देख ली, जिससे एक बड़ा हादसा होने से टल गया।
पुलिस को दी गई शिकायत में कटाहर निवासी राजेश कुमार ने बताया कि आरोपी पंकज शर्मा पिछले काफी समय से उनकी बेटी पर शादी के लिए दबाव बना रहा था। जब परिवार ने इस रिश्ते से इंकार कर दिया तो आरोपी ने उन्हें अंजाम भुगतने की धमकी दी। राजेश कुमार के अनुसार घटना से महज 2 दिन पहले पंकज ने फोन पर धमकी दी थी कि यदि उनकी बेटी की शादी उसके साथ नहीं की गई, तो वह पूरे परिवार को जिंदा जला देगा।
घटना की रात करीब 10 बजे राजेश की पत्नी और बेटी खाना खाकर सो रहे थे। तभी करीब 10:30 बजे आरोपी पंकज ने कथित तौर पर उनके घर को आग के हवाले कर दिया। आग की लपटें तेजी से कमरे की ओर बढ़ने लगीं। इसी दौरान पड़ोस में रहने वाली गुड्डी देवी की नजर आग पर पड़ी। उन्होंने तुरंत शोर मचाया और कमरे के अंदर सो रही मां-बेटी को जगाकर सुरक्षित बाहर निकाला।
शोर सुनकर गांव के अन्य लोग भी मौके पर जमा हो गए और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हालांकि, इस घटना में घर का एक कमरा और उसमें रखा कीमती सामान जलकर राख हो गया है। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि जब ग्रामीण आग बुझाने में जुटे थे, उसी समय आरोपी पंकज शर्मा अपनी गाड़ी में सवार होकर मौके से फरार हो गया।पुलिस ने राजेश कुमार की शिकायत पर आरोपी पंकज शर्मा के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। कुल्लू के एसपी मदन लाल ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटा लिए हैं। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है और जल्द ही उसे सलाखों के पीछे भेजा जाएगा।
Tags: