Kangra कांगड़ा: देहरा के अंतर्गत एनएच-503 पर नैहरनपुखर के पास एक सड़क हादसा सामने आया है। यह हादसा शुक्रवार तड़के करीब 2:30 बजे हुआ, जब सड़क पर अचानक आई एक आवारा गाय को बचाने के चक्कर में एक ट्रक डिवाइडर से टकरा गया। हादसे में ट्रक चालक घायल हो गया, जिसे प्राथमिक उपचार के लिए देहरा अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह ट्रक टैरेस स्थित एक फैक्ट्री का है और सामान छोड़कर वापस लौट रहा था। जैसे ही ट्रक नैहरनपुखर के पास पहुंचा, चालक ने सड़क पर एक आवारा गाय देखी। गाय को बचाने के चक्कर में चालक ट्रक से नियंत्रण खो बैठा और ट्रक सीधा डिवाइडर से टकरा गया। टक्कर इतनी भीषण थी कि ट्रक का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
इधर, हादसे की सूचना मिलते ही देहरा पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहन को सड़क से हटाकर यातायात बहाल किया और दुर्घटना के कारणों की पुष्टि के लिए घायल ट्रक चालक के बयान दर्ज किए। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस इलाके में रात के समय आवारा मवेशी सड़क पर घूमते रहते हैं, जिससे ऐसे हादसों का खतरा बना रहता है। लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि आवारा पशुओं को सुरक्षित स्थानों पर भेजा जाए ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोका जा सके।