Himachal सोलन ज़िले के कुनिहार क्षेत्र में एक दुखद घटना घटी है, जहाँ मछली पकड़ते समय बिजली का करंट लगने से 18 वर्षीय एक युवक की मौत हो गई। मृतक की पहचान अमित कुमार के रूप में हुई है, जो शिमला का रहने वाला था और दशहरा मनाने के लिए दोस्तों और रिश्तेदारों के साथ कुनिहार आया था।
जानकारी के अनुसार, मृतक के भाई रंजीत ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि उसका छोटा भाई अमित कुमार शिमला के कोटशेरा कॉलेज में बीए प्रथम वर्ष का छात्र था। उसके पिता शिमला में ठेकेदारी करते हैं और वे मूल रूप से उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ के रहने वाले हैं। रंजीत ने बताया कि दशहरा मनाने के लिए वह, अमित, उसके चाचा मोहन लाल, चचेरा भाई सनी चौहान, रवि और दोस्त इब्राहिम शिमला से कार में कुनिहार के कुनि खड्ड आए थे। उनकी योजना मछली पकड़ने और फिर कुनिहार दशहरा मेला देखने की थी।
परिवार के सदस्यों ने तुरंत स्विच से तार हटाया और बेहोश अमित को कुनिहार के स्थानीय अस्पताल ले गए, जहाँ डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। परिजनों के अनुसार, अमित की मौत पंप हाउस से जुड़े बिजली के तार से चोरी-छिपे मछली पकड़ने के कारण हुई है। घटना की पुष्टि करते हुए सोलन के डीएसपी अशोक चौहान ने बताया कि पुलिस ने मृतक के भाई और अन्य साथियों के बयान दर्ज कर लिए हैं। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और मामले की गहन जाँच की जा रही है।