Himachal Weather: राजधानी शिमला समेत कांगड़ा, धर्मशाला, चंबा और हमीरपुर में गुरुवार को बूंदाबांदी हुई। ऊना में दिनभर बादल छाए रहे। शुक्रवार और शनिवार को भी प्रदेश के कई इलाकों में बारिश का येलो अलर्ट जारी किया गया है। 16 जुलाई तक प्रदेश में मौसम खराब रहने का अनुमान है। शुक्रवार को चंबा, कांगड़ा, कुल्लू, मंडी, शिमला और सिरमौर जिलों के कुछ जलग्रहण क्षेत्रों और आसपास के इलाकों में निम्न से मध्यम स्तर की बाढ़ आने की संभावना है। गुरुवार शाम तक प्रदेश में 207 सड़कें, 132 बिजली ट्रांसफार्मर और 812 जलापूर्ति योजनाएं बाधित रहीं।सबसे ज्यादा 134 सड़कें, 111 बिजली ट्रांसफार्मर और 204 जलापूर्ति योजनाएं मंडी जिले में बंद हैं।
इसके अलावा धर्मशाला, नूरपुर और देहरा में 603 पेयजल योजनाएं ठप हैं। गग्गल हवाई अड्डे पर एक उड़ान रद्द हुई और एक आसमान में चक्कर लगाने के बाद वापस लौट गई। खराब मौसम के कारण इंडिगो की चंडीगढ़ से गग्गल और फिर दिल्ली जाने वाली दोपहर की उड़ान रद्द कर दी गई। दिल्ली से आने वाली स्पाइसजेट की उड़ान कम दृश्यता के कारण आसमान में चक्कर लगाने के बाद वापस लौट गई। शिमला और भुंतर में हवाई सेवाएं सामान्य रहीं।
मौसम विज्ञान केंद्र शिमला ने 11, 13, 14 और 15 जुलाई को राज्य के कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई है। 12 जुलाई को कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। 16 जुलाई को अधिकांश स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है।
बुधवार रात को धौला कुआं में 168.5 मिमी, बिलासपुर में 120.4 मिमी, मनाली में 46.0 मिमी, जुब्बड़हट्टी में 44.2 मिमी, नगरोटा सूरियां में 42.4 मिमी, पांवटा साहिब में 38.4 मिमी, सुजानपुर टीहरा में 37.5 मिमी, जतन बैराज में 34.6 मिमी, नाहन में 34.1 मिमी और गुलेर में 32.8 मिमी बारिश दर्ज की गई। बारिश के कारण चंबा जिले में 25 बिजली ट्रांसफार्मरों ने काम करना बंद कर दिया है और 125 गांव अंधेरे में हैं। 85 लोगों की मौत हो गई है, 34 अभी भी लापता हैं।