Himachal Weather : हिमाचल प्रदेश में रोहतांग, बारालाचा व अन्य ऊंची पर्वत चोटियों पर सोमवार को ताजा बर्फबारी हुई। शिमला व अन्य इलाकों में भी बादल छाए रहे और मौसम ठंडा रहा। मौसम विभाग के अनुसार मंगलवार को प्रदेश के ऊंचे इलाकों में बर्फबारी व बारिश की संभावना है। इसके अलावा कुछ इलाकों में हल्की बारिश हो सकती है और बादल भी छाए रहेंगे। 12 मार्च को भी कुछ इलाकों में हल्की बर्फबारी की संभावना है। मौसम विभाग ने चेतावनी जारी की है कि 13, 14 और 15 मार्च को प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में तूफान, बर्फबारी व बारिश का असर देखने को मिल सकता है।
इस दौरान बर्फबारी व भारी बारिश से यातायात व सामान्य जनजीवन प्रभावित हो सकता है। प्रदेश में भारी बर्फबारी से हिमस्खलन का खतरा भी बढ़ गया है। रोहतांग, साउथ व नॉर्थ पोर्टल के दोनों छोर पर करीब चार फीट ऊंचे बर्फ के ढेर जमा हो गए हैं। इससे अटल टनल के दोनों छोर पर वाहनों की आवाजाही प्रभावित हुई है। सीमा सड़क संगठन (बीआरओ) ने फिलहाल एकतरफा यातायात बहाल कर दिया है, लेकिन भारी बर्फबारी के कारण यह मार्ग अभी पूरी तरह सुरक्षित नहीं है। पिछले शनिवार को भी इस मार्ग पर हिमस्खलन हुआ था, जिससे यातायात बाधित हुआ था। समीक्षा बैठक आयोजित: हाल ही में हुई भारी बर्फबारी के बाद स्थिति की समीक्षा के लिए रेजिडेंट कमिश्नर की अध्यक्षता में एक बैठक आयोजित की गई।
इस बैठक में यातायात, सड़क, बिजली और पानी की आपूर्ति की स्थिति पर विस्तार से चर्चा की गई। कमिश्नर ने संबंधित विभागों को बर्फबारी से प्रभावित होने वाले क्षेत्रों में तुरंत सभी आवश्यक व्यवस्थाएं करने के निर्देश दिए। साथ ही हिमस्खलन और बर्फबारी से होने वाली समस्याओं से निपटने के लिए सुरक्षा उपाय सुनिश्चित किए जाएं। हिमाचल प्रदेश में मौसम की स्थिति को देखते हुए नागरिकों और पर्यटकों को सतर्क रहने की सलाह दी जा रही है।
Tags: