Himachal Pradesh: 55.6 ग्राम चिट्टे के साथ युवक गिरफ्तार

Update: 2025-04-29 05:06 GMT
Himachal Pradesh: हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर जिले में स्वारघाट थाना के अंतर्गत पुलिस ने गश्त के दौरान एक युवक को 55.6 ग्राम चिट्टे के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी को पुलिस ने उस समय पकड़ा जब वह संदिग्ध हालत में टनल के पास लिफ्ट मांगने के लिए खड़ा था। पूछताछ के दौरान युवक घबरा गया और भागने की कोशिश की, लेकिन पुलिस ने पीछा कर उसे पकड़ लिया। सोमवार रात करीब 2:55 बजे स्पेशल डिटेक्शन टीम बिलासपुर गश्त पर थी। टीम ने देखा कि एक युवक थापना टनल नंबर 2 से करीब 50 मीटर आगे बिलासपुर की ओर सड़क किनारे लिफ्ट मांगते हुए खड़ा है।
टीम ने गाड़ी रोकी और युवक से इतनी रात को वहां खड़े होने का कारण पूछा और उससे अपना पहचान पत्र दिखाने को कहा। इस पर युवक घबरा गया और पीछे मुड़कर लिंक रोड नारली गांव की तरफ तेजी से भागने लगा। भागते समय युवक ने अपनी जींस की बाईं जेब से कुछ निकाला और सड़क किनारे घास में फेंक दिया। पुलिस ने पीछा कर उसे 15-20 कदम की दूरी पर पकड़ लिया। फेंकी गई वस्तु को उठाकर गवाहों के सामने जांच करने पर उसमें चिट्टा बरामद हुआ। पॉलीथिन समेत बरामद सामग्री का वजन 55.6 ग्राम पाया गया।
पकड़े गए युवक की पहचान अरमान (23) पुत्र बाबू लाल निवासी हाउस नंबर 41, कुम्हार मंडी, फिरोजपुर कैंट (पंजाब) के रूप में हुई है। पूछताछ में युवक ने भी स्वीकार किया कि फेंकी गई वस्तु चिट्टा है। आरोपी के खिलाफ पुलिस थाना स्वारघाट में मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और आरोपी से चिट्टे की सप्लाई चेन से जुड़ी कड़ियों का पता लगाने का प्रयास कर रही है। डीएसपी मुख्यालय मदन धीमान ने मामले की पुष्टि की है।
Tags:    

Similar News