Himachal Pradesh:ज्वैलर्स की दुकान में घुसे चोर, आधा किलो चांदी के गहने चुरा ले गए
Himachal Pradesh : चोरों ने रविवार देर रात नईदून शहर के अपर बाजार स्थित एक ज्वैलर्स की दुकान में सेंध लगाकर चांदी के काफी जेवरात चोरी कर लिए। घटना का पता सोमवार सुबह तब चला जब दुकान मालिक नरेश सेठी सफाई के लिए दुकान पर पहुंचे। उन्होंने देखा कि शटर का एक ताला गायब था और दूसरी तरफ की कुंडी टूटी हुई थी। जब उन्होंने शटर खोला तो काउंटर के अंदर रखे चांदी के सारे जेवरात गायब थे और इसके साथ ही चोर करीब 20 हजार रुपये के आर्टिफिशियल जेवरात भी सोने के जेवरात समझकर ले गए। हालांकि तिजोरी में रखे जेवरात और अन्य सामान सुरक्षित रहे हैं। नरेश सेठी ने बताया कि वह रोजाना सुबह करीब 8 बजे दुकान पर आकर सफाई करते हैं।
उन्होंने बताया कि काउंटर में कितने जेवरात रखे थे इसका आकलन किया जा रहा है लेकिन छोटे-बड़े जेवरात मिलाकर आधा किलो से ज्यादा के जेवरात चोरी हुए हैं। गौरतलब है कि यह दुकान मुख्य बाजार के बीचोंबीच पुराने ओबीसी बैंक के पास स्थित है। पता चला है कि चोरी रात 1 बजे से सुबह 4 बजे के बीच हुई है। नरेश सेठी की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। इस संबंध में थाना प्रभारी निर्मल सिंह ने बताया कि मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।