Himachal Pradesh: NIT छात्र अयान की मौत के मामले में नया खुलासा

Update: 2025-03-05 01:47 GMT
Himachal Pradesh: एनआईटी हमीरपुर के डुअल डिग्री (बीटेक-एमटेक) के छात्र अयान शर्मा की मौत के मामले में नया खुलासा हुआ है। छात्र ने रविवार रात को अपने लैपटॉप, मोबाइल और बैंक खाते के पासवर्ड अपनी मां को ईमेल के जरिए भेजे थे। अयान के कमरे से बरामद सुसाइड नोट से पता चलता है कि प्लेसमेंट में अच्छा प्रदर्शन न करने के कारण वह निराश था। खास बात यह है कि उसने इस बात का जिक्र तक परिवार से नहीं किया था। ऐसे में बच्चे के इस कदम से आहत माता-पिता भी हैरान हैं।
उत्तर प्रदेश के बरेली निवासी अयान शर्मा का शव सोमवार सुबह एनआईटी हमीरपुर के हिमगिरी हॉस्टल में बरामद हुआ। अयान का एक जुड़वा भाई भी है। अयान ने अपने भाई को कभी तनाव वाली बात नहीं बताई थी। पुलिस को दिए बयान में माता-पिता ने कहा कि रविवार शाम को बेटे से बात हुई थी, लेकिन किसी तनाव वाली बात नहीं बताई। हालांकि कमरे से बरामद सुसाइड नोट कुछ और ही कहानी बयां कर रहा है। पोस्टमार्टम के बाद मंगलवार दोपहर शव परिजनों को सौंप दिया गया। इस मामले में फोरेंसिक रिपोर्ट काफी अहम मानी जा रही है। फोरेंसिक टीम मौके से जुटाए गए साक्ष्यों की जांच कर रही है। सुसाइड नोट की
हैंडराइटिंग
की जांच की जा रही है।
इस हैंडराइटिंग का मिलान अयान की हैंडराइटिंग से किया जाएगा। उधर, एनआईटी प्रबंधन के अनुसार अयान पढ़ाई में अच्छा था। उसका परीक्षा परिणाम भी काफी अच्छा रहा था। हालांकि अब प्लेसमेंट ड्राइव के दौरान उम्मीद के मुताबिक प्लेसमेंट न मिलने से आहत होने का पहलू सामने आ रहा है। छात्र ने रविवार रात को पासवर्ड व अन्य जानकारी अपने माता-पिता को मेल की थी। सोमवार सुबह परिजनों ने मेल देखी। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। मामले की हर पहलू की बारीकी से जांच की जा रही है।
Tags:    

Similar News