Himachal Pradesh: चौहार घाटी में आग लगने की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। हाल ही में मार्च माह में उप तहसील टिक्कन के अंतर्गत लक्कड़ बाजार बरोट में भीषण आग लगने से कई दुकानें जलकर राख हो गई थीं, जिससे व्यापारियों को भारी नुकसान उठाना पड़ा था। रात करीब 12 बजे प्रेम चंद (गांव कलहोग) की राशन की दुकान में आग लग गई, जिससे 5 लाख रुपये का नुकसान हुआ है। वहीं मनोहर सिंह (गांव लपास) की दर्जी की दुकान में 45 हजार रुपये का नुकसान हुआ है।
राजेंद्र सिंह (गांव चक्कर) के महालक्ष्मी मेडिकल स्टोर में दवाइयां व अन्य सामान जलकर नष्ट होने से 8.40 लाख रुपये का नुकसान हुआ है। इसके अलावा सोनू (गांव थूजी) के भवन व दुकानों में 40 हजार रुपये, वजिंद्र सिंह (गांव थूजी) को 28 हजार रुपये व हरि गोपाल (गांव थूजी) को 30 हजार रुपये का नुकसान हुआ है। सोमा देवी (गांव कलहोग) की दुकान में रखा सामान जलने से 2000 रुपए का नुकसान हुआ है।
पटवारी रोहित ठाकुर ने मौके पर पहुंचकर नुकसान की रिपोर्ट तैयार कर उच्च अधिकारियों को भेज दी है। नायब तहसीलदार जोगिंद्र सिंह व विधायक पूर्ण चंद ठाकुर ने प्रभावितों को हरसंभव सरकारी सहायता का आश्वासन दिया है। बरोट पंचायत प्रधान डॉ. रमेश ठाकुर ने सरकार व समाजसेवी संस्थाओं से प्रभावितों की मदद की अपील की है। गौरतलब है कि फरवरी माह में भी बरोट पंचायत के लंबाडग बाजार में आग लगने से 3 व्यापारियों की दुकानें जलकर राख हो गई थीं, जिससे लाखों रुपए का नुकसान हुआ था।