Himachal Pradesh : चंबा जिले के संगेरा में नहर के किनारे एक नवजात बच्ची (बच्ची) का शव मिला है। पुलिस ने नवजात के शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। सोमवार शाम को जिले की प्लयूर पंचायत के संगेरा बरोह से गुजर रही जलविद्युत परियोजना की नहर के किनारे किसी ने नवजात बच्ची का शव देखा। इसकी सूचना संबंधित पंचायत प्रधान को दी गई। सूचना मिलने के बाद पंचायत प्रधान मौके पर पहुंचे। किसी ने नवजात बच्ची को नहर के किनारे झाड़ियों में फेंक दिया था। प्रधान ने इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर लोगों से पूछताछ भी की। इसके बाद नवजात बच्ची के शव को मेडिकल कॉलेज चंबा लाया गया। वहीं, स्वास्थ्य विभाग आशा वर्करों के माध्यम से संबंधित क्षेत्र की पंजीकृत गर्भवती महिलाओं की जानकारी जुटा रहा है। एसपी अभिषेक यादव ने मामले की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मेडिकल कॉलेज चंबा पहुंचाया। जहां उसकी मेडिकल जांच कराई जाएगी। मामले की जांच की जा रही है।