Himachal Pradesh: बिलासपुर के गांव मरहाणा में इन दिनों तेंदुए की चहलकदमी से लोगों में भय का माहौल बना हुआ है। बीती रात गांव में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक तेंदुए ने घर के आंगन में महिला पर हमला कर दिया। जानकारी के अनुसार रामप्यारी पत्नी कुलदीप जब रात के समय अपने घर के आंगन की ओर आई तभी घात लगाए बैठे तेंदुए ने उस पर झपट्टा मार दिया।महिला के चिल्लाने पर परिजन और आसपास के लोग तुरंत मौके पर इकट्ठा हो गए। लोगों की हलचल और शोर सुनते ही तेंदुआ वहां से भाग गया, जिससे महिला की जान बच गई। घटना के बाद से पूरे गांव में दहशत का माहौल है और लोग रात के समय घरों से बाहर निकलने से कतरा रहे हैं।
इस संबंध में ग्राम पंचायत मरहाणा के प्रधान जगत सिंह ने बताया कि बीते कुछ दिनों से क्षेत्र में तेंदुओं की गतिविधियां लगातार देखी जा रही हैं| ग्रामीणों ने वन विभाग को ज्ञापन देकर क्षेत्र में तेंदुए को पकड़ने के लिए पिंजरा लगाने की मांग की है।इस मामले पर आर. ओ. भराड़ी मदन ने बताया कि बीट फोरैस्ट गार्ड के माध्यम से ग्रामीणों का ज्ञापन प्राप्त हुआ है। वन विभाग स्थिति पर नजर बनाए हुए है और जल्द ही प्रभावित क्षेत्र में तेंदुए को पकड़ने के लिए पिंजरा लगाया जाएगा।
Tags: