Himachal Pradesh: भटियात क्षेत्र की नैनी खड्ड पंचायत के सेल गांव में रविवार सुबह उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब दो अलग-अलग गौशालाओं में अचानक आग लग गई। यह घटना सुबह करीब पांच बजे की है, जब ग्रामीणों ने धुआं और आग की लपटें उठती देखीं। जानकारी के अनुसार, ये गौशालाएं गांव के दो दिहाड़ी मजदूर परिवारों कालू राम और ज्ञान चंद की थीं। दोनों परिवार रोजाना की तरह सुबह-सुबह अपने पशुओं को चराने के लिए गौशालाओं से बाहर ले गए थे, लेकिन कुछ देर बाद दोनों गौशालाएं आग की चपेट में आ गईं। ग्रामीणों ने मौके पर पहुंचकर आग बुझाने का भरसक प्रयास किया, लेकिन तब तक आग ने विकराल रूप धारण कर लिया था और दोनों गौशालाएं पूरी तरह जलकर राख हो गईं।
आग लगने से गौशालाओं में रखा चारा आदि भी नष्ट हो गया। घटना की सूचना मिलते ही पंचायत प्रधान कमलेश राणा मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने तुरंत स्थानीय पटवारी को आग की घटना की सूचना दी और आगामी कार्रवाई शुरू कर दी। आग लगने के कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है। इस घटना को लेकर ग्रामीण भी हैरान हैं कि इतनी सुबह-सुबह दो गौशालाओं में एक साथ आग कैसे लग गई। घटना की जांच की भी मांग की जा रही है। साथ ही उन्होंने प्रशासन से पीड़ित परिवारों को उचित मुआवजा देने की मांग की है।