Himachal Pradesh: उपमंडल भरमौर की औरा पंचायत के थला गांव में एक मकान में अचानक आग लग गई। घर के अंदर रखा सामान व फर्नीचर जल गया है। इसके अलावा कुछ नकदी भी जल गई। इससे लाखों रुपये का नुकसान हुआ है। आग लगने के समय परिवार के सदस्य घर से बाहर थे। सोमवार दोपहर करीब दो बजे विशंभर दास पुत्र हिरदा राम के मकान में अचानक आग लग गई। गांव में ही एक महिला की मौत हो गई थी और ग्रामीण उसके अंतिम संस्कार में गए हुए थे। इसी बीच किसी ने विशंभर दास के घर से धुआं उठता देखा।
शोर सुनकर ग्रामीण मौके पर पहुंचे और आग बुझाना शुरू कर दिया। ग्रामीणों ने पानी व मिट्टी फेंककर कड़ी मशक्कत के बाद आग बुझाई, लेकिन तब तक घर के अंदर रखा काफी सामान व नकदी जल चुकी थी। उधर, पंचायत के पूर्व उपप्रधान शिव दत्त ने बताया कि इस संबंध में प्रशासन को सूचित कर दिया गया है। उन्होंने प्रशासन व सरकार से प्रभावितों की हर संभव मदद की अपील की है ताकि गरीब परिवार को राहत मिल सके। तहसीलदार तेज राम ने बताया कि सूचना मिलते ही पटवारी को नुकसान का आकलन करने के लिए मौके पर भेज दिया गया है। आकलन रिपोर्ट मिलने के बाद उसे आगामी कार्रवाई के लिए भेज दिया जाएगा।