Himachal Pradesh: रिश्ते से इनकार करने पर घर जलाने वाला सनकी आशिक गिरफ्तार
Himachal Pradesh: उपतहसील नित्थर की कुठेड़ पंचायत के कटाहर गांव में एक सिरफिरे युवक द्वारा प्रतिशोध में एक परिवार को जिंदा जलाने की कोशिश का मामला सामने आया है। शादी का प्रस्ताव ठुकराए जाने से नाराज युवक ने लड़की के घर को आग लगा दी। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और अदालत ने उसे तीन दिन की पुलिस रिमांड पर भेज दिया है।
घटना शुक्रवार रात करीब 10:30 बजे की है। पीड़ित राजेश कुमार अपने परिवार के साथ सो रहे थे, तभी अचानक घर की दीवारों से आग की लपटें उठने लगीं। पड़ोसियों की सतर्कता और शोर मचाने के कारण परिवार के सदस्य समय रहते घर से बाहर निकलने में सफल रहे, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया। ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक घर में रखी देवदार की लकड़ी, सेब की जालियां और अन्य कीमती सामान जलकर राख हो गया।
पीड़ित परिवार के अनुसार, आरोपी पंकज शर्मा उनकी बेटी पर शादी के लिए दबाव बना रहा था। रिश्ता ठुकराए जाने पर उसने दो दिन पहले फोन पर पूरे परिवार को घर के अंदर जिंदा जलाने की धमकी दी थी। शुक्रवार रात उसने इसी साजिश को अंजाम दिया और वारदात के बाद अपनी कार से फरार हो गया।पुलिस चौकी लूहरी की टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को उसकी कार सहित लूहरी चौक से दबोच लिया। एसपी कुल्लू, मदन लाल ने पुष्टि की है कि आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है और मामले की गहन जांच जारी है।