Himachal Pradesh: बस ड्राइवर को पड़ा दिल का दौरा, सुरक्षाकर्मियों ने बचाई जान
Himachal Pradesh: घुमारवीं से एम्स बिलासपुर कोठीपुरा आ रही बस के चालक को अचानक दिल का दौरा पड़ गया। घटना उस समय हुई जब बस एम्स के गेट के पास पहुंची। चालक को दिल का दौरा पड़ते ही चालक ने बस को गेट नंबर 1 पर खड़ा कर दिया था। लेकिन गनीमत रही कि एम्स बिलासपुर के सुरक्षाकर्मियों ने तुरंत स्थिति को संभाला और चालक को बस से बाहर निकालकर इमरजेंसी वार्ड में पहुंचाया। चालक का फिलहाल एम्स में उपचार चल रहा है और डॉक्टरों की टीम उसके स्वास्थ्य पर नजर रख रही है।
घटना के दौरान बस में सवार यात्रियों में हड़कंप मच गया। हालांकि सुरक्षाकर्मियों की तत्परता और तुरंत उपचार मिलने से बड़ा हादसा टल गया। यात्रियों ने सुरक्षाकर्मियों और अस्पताल प्रशासन की त्वरित कार्रवाई की सराहना की। एम्स बिलासपुर प्रशासन ने बताया कि चालक को प्राथमिक उपचार दे दिया गया है और उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है। सुरक्षाकर्मियों की त्वरित कार्रवाई के कारण उसकी जान बचाई जा सकी। इस घटना की जानकारी एम्स सुरक्षाकर्मियों ने परिवहन विभाग को दे दी है।