Himachal Pradesh: अवैध खनन को लेकर पूर्व सैनिक ने बंदूक से ट्रैक्टर का टायर फोड़ दिया। गनीमत रही कि ट्रैक्टर सहित चालक व लेबर बाल-बाल बच गए। प्राप्त जानकारी के अनुसार यह घटना बीती रात 10 बजे की है, जब एक ट्रैक्टर चालक रात करीब 10 बजे अटेहड़ा के समीप छौंछ खड्ड में अवैध रूप से बजरी का खनन कर रहा था। उसकी आवाज सुनकर अटेहड़ा निवासी कृष्ण सिंह उसे ऐसा करने से रोकने के लिए उसके पास गया। इस दौरान उनमें कहासुनी हो गई, जिससे गुस्साए कृष्ण सिंह ने ट्रैक्टर के बड़े टायर पर गोली चला दी, जिससे टायर बुरी तरह फट गया।
सूचना मिलने पर गंगथ पुलिस ने मौके का निरीक्षण किया और कृष्ण सिंह को हिरासत में लेकर विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आरोपी को अदालत में पेश किया। अदालत ने आरोपी को तीन दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया है। थाना प्रभारी सुरेन्द्र धीमान नूरपुर ने बताया कि जिस ट्रैक्टर पर गोली चलाई गई, वह पहले भी छौंछ खड्ड से अवैध खनन में संलिप्त रहा है और आरोपी कृष्ण सिंह ने पहले भी कई बार उन्हें मना किया था। इस बार कहासुनी के बाद आरोपी ने हवा में एक गोली चलाई और ट्रैक्टर पर एक और गोली चलाई। पुलिस ने मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।