Himachal Pradesh: अनियंत्रित होकर पेड़ से टकराई बाइक, 2 घरों के बुझ गए चिराग
Himachal Pradesh: सिरमौर जिले के पांवटा साहिब उपमंडल में सड़क हादसे में एक ही गांव के दो नाबालिग लड़कों की मौत हो गई। हादसा उस समय पेश आया जब दोनों बाइक पर भंडारे में जा रहे थे। इसी दौरान वे हादसे का शिकार हो गए। हादसा पुलिस थाना माजरा के अंतर्गत हुआ। हादसे में एक किशोर की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरे ने अस्पताल ले जाते समय दम तोड़ दिया। पुलिस के अनुसार दोपहर करीब 12 बजे गुरजीत सिंह (15) पुत्र हरपाल सिंह और देव शर्मा (14) निवासी क्यारदा बाइक पर खेड़ा महाराज के भंडारे में जा रहे थे।
इसी दौरान पुरुवाला (माजरा) में अचानक बाइक अनियंत्रित हो गई और नहर किनारे पेड़ से टकरा गई। बाइक गुरजीत सिंह चला रहा था। हादसे की सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। दोनों नाबालिग 9वीं कक्षा में पढ़ते थे। पुलिस ने पोस्टमार्टम करवाने के बाद शव परिजनों को सौंप दिए। डीएसपी पांवटा साहिब मानवेंद्र ठाकुर ने दुर्घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि इस संबंध में माजरा थाने में मामला दर्ज कर लिया गया है तथा पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है।