Himachal Pradesh: मुबारिकपुर-रानीताल राष्ट्रीय राजमार्ग-503 पर देहरा के समीप ढलियारा के प्रसिद्ध 'खूनी मोड़' पर एक बार फिर सड़क हादसा हुआ है। लोहे की छड़ों से लदा एक ट्राला रोलर क्रैश बैरियर से टकराकर उसे तोड़कर 50 मीटर गहरी खाई में जा गिरा। हादसा सुबह करीब 3 बजे हुआ। लोहे की छड़ों से लदे ट्राले का पिछला हिस्सा मिट्टी के टीले पर फंस गया, जबकि अगला हिस्सा खाई में जा गिरा। ट्राला नगरोटा बगवां की ओर जा रहा था।
हादसे के समय ट्राले में चालक और परिचालक सवार थे, जो घायल हो गए। मौके पर मौजूद स्थानीय लोगों और राहगीरों ने तुरंत बचाव कार्य शुरू किया और घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया। गौरतलब है कि यह मोड़ 'खूनी मोड़' के नाम से बदनाम है, जहां अक्सर हादसे होते रहते हैं।
दुर्घटनाओं को रोकने के लिए यहां रोलर क्रैश बैरियर लगाए गए हैं, ताकि टकराने के बाद वाहन खाई में न गिरें, लेकिन इस बार ट्रॉली की गति और वजन इतना अधिक था कि वह बैरियर तोड़कर नीचे गिर गई। स्थानीय लोगों ने इस मोड़ पर अतिरिक्त सुरक्षा उपाय करने की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसी दुर्घटनाओं को रोका जा सके।
Tags: