Himachal Pradesh: नए साल के पहले ही दिन कुल्लू से एक बहुत ही दुखद घटना सामने आई है। कल रात भुतनाथा पुल के पास एक भयानक सड़क हादसे में तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक युवती गंभीर रूप से घायल हो गई। घायल युवती को तुरंत कुल्लू अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है। हादसे के समय गाड़ी में कुल चार लोग सवार थे।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, मरने वाले युवक की पहचान कुल्लू के रहने वाले सतपाल के रूप में हुई है। मरने वाली लड़कियों की पहचान अभी पता लगाई जा रही है। बताया जा रहा है कि 31 दिसंबर को सतपाल का जन्मदिन था और वह नए साल और अपना जन्मदिन मनाने के लिए अपने तीन दोस्तों के साथ कसोल गया था।
कल रात करीब 1 बजे जब वे कसोल से लौट रहे थे, तो भुतनाथा पुल के पास उनकी कार बेकाबू हो गई। गाड़ी पहले पुल की रेलिंग से टकराई और फिर सड़क किनारे खड़े एक ट्रक के नीचे जा घुसी। टक्कर इतनी ज़ोरदार थी कि तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक युवती गंभीर रूप से घायल हो गई।पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और हादसे के कारणों की जांच कर रही है। तीनों शवों का पोस्टमार्टम आज कुल्लू अस्पताल में किया जाएगा, जिसके बाद शवों को उनके परिवारों को सौंप दिया जाएगा। नए साल के जश्न के बीच हुए इस दुखद हादसे से पूरा इलाका दुखी है।
Tags: