Himachal Pradesh: कोटकहालू थाना के अंतर्गत माकड़ी में बीती रात 2 हमलावरों ने एक मोटरसाइकिल सवार पर तेजधार हथियार से हमला कर उसे घायल कर दिया और मौके से फरार हो गए। 25 वर्षीय मनीष कुमार निवासी माकड़ी तहसील श्री नैना देवी ने शिकायत में कहा है कि वह बीती देर रात अपनी मोटरसाइकिल पर अपने घर जा रहा था और जैसे ही वह माकड़ी मोड़ पर पहुंचा तो सामने से एक लाल रंग की कार आई और उसका रास्ता रोक लिया। इस कार में उसके गांव के ही दो युवक सवार थे।
आरोप है कि जैसे ही वह कार से उतरा तो आरोपियों ने उस पर तेजधार हथियार से हमला कर दिया। अपना बचाव करते हुए उसका बायां हाथ जख्मी हो गया। इसके बाद दोनों आरोपी कार में बैठकर मौके से फरार हो गए। इसका पता चलने पर परिजनों ने उसे उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका उपचार चल रहा है। पुलिस प्रवक्ता डीएसपी बिलासपुर मदन धीमान ने मामले की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि कोटकहालू थाना पुलिस द्वारा मामले में आगामी कार्रवाई की जा रही है।
Tags: