Himachal हिमाचल: हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले के चुराह उपमंडल में मानसून का कहर लगातार बढ़ता जा रहा है। मंगलवार सुबह एक बार फिर चुराह क्षेत्र के पंगोला नाले में बादल फटने की खबर सामने आई है। इससे नाले ने रौद्र रूप धारण कर लिया है और आसपास के पैदल रास्ते पूरी तरह से बंद हो गए हैं। जिससे स्थानीय लोगों में डर का माहौल है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, चुराह की चरोड़ी पंचायत के तहत पंगोला नाले में सुबह-सुबह बादल फटने की घटना हुई। इससे नाले में अचानक पानी का बहाव हो गया, जिससे क्षेत्र की सड़क पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई है। लोगों का पैदल चलना भी मुश्किल हो गया है। हालांकि राहत की बात यह है कि अभी तक किसी तरह के जान-माल के नुकसान की पुष्टि नहीं हुई है। तहसीलदार तीसा आशीष ने बताया कि मंगलवार सुबह पंगोला नाले में बादल फटने की सूचना मिली है। इससे सड़क बह गई है। हालांकि अन्य किसी तरह के नुकसान की सूचना नहीं है। बादल फटने से हुए नुकसान के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है।