Himachal Pradesh.हिमाचल प्रदेश: कांगड़ा जिले के बीड़-बिलिंग क्षेत्र में पैराग्लाइडिंग लैंडिंग साइट पर रविवार को एक बड़ा हादसा टल गया। लैंडिंग के दौरान पायलट का पैराग्लाइडर अचानक आवारा पशु से टकरा गया। गनीमत रही कि पायलट ने समय रहते सूझबूझ दिखाई और हार्नेस खोलकर खुद को पैराग्लाइडर से अलग कर लिया, जिससे बड़ा हादसा टल गया। इस घटना के बाद आवारा पशु पैराग्लाइडर में उलझ गया और लैंडिंग साइट पर बेकाबू होकर भागने लगा, जिससे मौके पर मौजूद पर्यटकों में अफरा-तफरी मच गई। उल्लेखनीय है कि साइट पर बड़ी संख्या में पर्यटक मौजूद थे, जिन्हें खुद को बचाने के लिए इधर-उधर भागना पड़ा।
यह पैराग्लाइडर बिलिंग एडवेंचर पैराग्लाइडिंग एसोसिएशन का था, जिसे इस हादसे में नुकसान हुआ है। एसोसिएशन के अध्यक्ष राज कुमार अबरोल ने प्रशासन पर सवाल उठाते हुए कहा कि प्रशासन बिलिंग हाइट्स पर प्रत्येक उड़ान के लिए 75 रुपये लेता है, लेकिन लैंडिंग साइट पर सुरक्षा के लिए कोई जिम्मेदार व्यक्ति तैनात नहीं है। लैंडिंग साइट पर घूमते आवारा पशु हादसों को न्योता दे रहे हैं। उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि लैंडिंग स्थल पर सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की जाए तथा आवारा पशुओं को हटाने के लिए ठोस कदम उठाए जाएं ताकि भविष्य में ऐसी घटनाएं न घटें।