Himachal Pradesh हिमाचल प्रदेश : दक्षिण-पश्चिम मानसून रविवार को हिमाचल प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में आगे बढ़ गया है। प्रदेश के कई भागों में लगातार सात दिन भारी बारिश का अलर्ट है।
चार दिन के लिए ऑरेंज व तीन दिन के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है। वहीं बीती रात कसौली में 30.0, जोत 21.0, मुरारी देवी 13.0, मंडी 9.8, करसोग 8.1, पच्छाद 5.2, जोगिंदरनगर 4.0, शिमला 1.6, पालमपुर 1.4, सोलन और सुंदरनगर में 0.6 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई है। राजधानी शिमला व अन्य क्षेत्रों में रुक-रुककर बारिश का दाैर जारी है। माैसम विज्ञान केंद्र शिमला के अनुसार राज्य में 28 जून तक बारिश जारी रहने का पूर्वानुमान है। 22, 23, 25, 26 और 27 जून को अधिकांश स्थानों पर भारी बारिश होने की संभावना है, 24 और 27 जून को अलग-अलग स्थानों पर एक या दो बार भारी वर्षा हो सकती है। 23, 25, 26 और 27 जून को अलग-अलग स्थानों पर एक या दो बार भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है।
ऊना, बिलासपुर, हमीरपुर, चंबा, कांगड़ा, मंडी, शिमला, सोलन व सिरमाैर जिले में भारी बारिश का अलर्ट है। उधर, मानसून की पहली बारिश में ही पांवटा साहिब नगर परिषद की जल भराव समस्या से निपटने की तैयारियों की पोल खुल गई है। शहर के पांवटा साहिब से देवीनगर मार्ग पर जल भराव हो गया है। आसपास गलियों का पानी रिहायशी मकानों व दुकानों में भर गया है। पांवटा साहिब शहर के वार्ड-9, 7 व 8 व बद्रीपुर में जगह-जगह गलियों में जल भराव हुआ है। पांवटा साहिब के जाट मोहल्ला बद्रीपुर में पानी की निकासी के लिए कोई नाली नहीं है।