गांधी जयंती पर पेयजल गुणवत्ता मामले में हिमाचल को दिल्ली में मिला पुरस्कार, केंद्रीय जलशक्ति मंत्री शेखावत ने किया सम्मानित
देश भर में पेयजल गुणवत्ता के मामले में अव्वल रहने पर प्रदेश सरकार को पुरस्कार मिला है।
न्यूज़ क्रेडिट : divyahimachal.com
जनता से रिश्ता वेबडेस्क। देश भर में पेयजल गुणवत्ता के मामले में अव्वल रहने पर प्रदेश सरकार को पुरस्कार मिला है। रविवार को गांधी जयंती के मौके पर हिमाचल सरकार को पुरस्कृत किया गया। दिल्ली के विज्ञान भवन में आयोजित कार्यक्रम में केंद्रीय जल शक्ति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने यह पुरस्कार प्रदान किया। इस वर्ष भी नल कार्यशीलता के वृहद सर्वेक्षण के दौरान हिमाचल प्रदेश को पुन: पेयजल सेवा वितरण गुणवत्ता में देश भर में प्रथम आंका गया है। पिछले वर्ष भी इसी प्रकार के वृहद सर्वेक्षण में जल गुणवत्ता और नल कार्यशीलता में प्रदेश ने पहला स्थान हासिल किया था। जल जीवन मिशन केे कार्यान्वयन में हिमाचल प्रदेश को केंद्र सरकार से लगातार भरपूर वित्तीय सहयोग मिल रहा है। इसी कड़ी में केंद्र सरकार ने इस वर्ष प्रदेश को 1344.94 करोड़ रुपए का वित्तीय प्रावधान किया है। इसके अंतर्गत केंद्र सरकार ने 30 सितंबर को 336.23 करोड़ रुपए की दूसरी किस्त जारी कर दी है।