Himachal हिमाचल: सोमवार सुबह आए भयंकर तूफान के कारण तहसील बड़ोह की पंचायत खावा में ईंटों से भरे ट्रक पर बरगद का पेड़ गिर गया, जिससे ट्रक में बैठे दो व्यक्तियों की मौत हो गई। दोनों ट्रक चालक बताए जा रहे हैं। मृतकों की पहचान संजीव कुमार 42 पुत्र राजकुमार निवासी गांव देहरा और टेक चंद 48 पुत्र दीवान चंद निवासी गांव कंडोग तहसील बड़ोह के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार दोनों चालक ईंटों से भरा ट्रक लेकर खावा गए थे और उन्होंने ट्रक को एक बरगद के पेड़ के नीचे खड़ा किया था। अचानक आए भयंकर तूफान के कारण एक प्राचीन बरगद का पेड़ ट्रक पर गिर गया, जिससे दोनों ट्रक के केबिन में दब गए।
पेड़ गिरने की आवाज सुनकर आसपास के लोग एकत्रित हो गए। पंचायत प्रधान मनोज कुमार ने तुरंत इसकी सूचना बड़ोह पुलिस चौकी को दी। सूचना मिलते ही डीएसपी कांगड़ा अंकित शर्मा, एसएचओ नगरोटा बगवां नवनीत सैनी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। वहीं, एसडीएम मुनीष शर्मा ने तुरंत प्रशासन को सूचित किया और वह भी मौके पर पहुंचे। बीएमओ डॉ. रूबी भारद्वाज के नेतृत्व में एसडीआरएफ की टीम और स्वास्थ्य विभाग की टीम भी मौके पर पहुंच गई।
4 घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद वन विभाग और लोक निर्माण विभाग के कर्मियों ने कटर और जेसीबी की मदद से विशाल बरगद के पेड़ को काटकर ट्रक के केबिन में फंसे दोनों लोगों के शवों को बाहर निकाला और पोस्टमार्टम के लिए टांडा मेडिकल कॉलेज भेज दिया। डीएसपी कांगड़ा अंकित शर्मा ने इसकी पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और पोस्टमार्टम के बाद दोनों शवों को उनके परिजनों को सौंप दिया जाएगा।