Himachal हिमाचल: नशे के खिलाफ विशेष अभियान के तहत घुमारवीं पुलिस ने कीरतपुर-नेरचौक-मनाली फोरलेन पर बलोह टोल प्लाजा के पास नाकाबंदी के दौरान एक कार से 657 ग्राम चरस बरामद की। पुलिस ने इस मामले में मंडी जिले के एक युवक को गिरफ्तार किया है।पुलिस के अनुसार, टीम फोरलेन पर बलोह टोल प्लाजा के पास नाकाबंदी कर रही थी। इसी दौरान वहां से गुजर रही एक ऑल्टो कार को चेकिंग के लिए रोका गया। तलाशी लेने पर कार से 657 ग्राम चरस बरामद हुई।
आरोपी की पहचान मंडी जिले की कोटली तहसील के कुन गाँव निवासी राहुल (25) पुत्र नरेंद्र कुमार के रूप में हुई है। पुलिस ने उसे मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया और घुमारवीं थाने में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।घटना की पुष्टि करते हुए डीएसपी घुमारवीं विशाल वर्मा ने कहा कि पुलिस नशा माफिया के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति अपना रही है और ऐसी कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। उन्होंने आम जनता से भी अपील की कि वे नशे से दूर रहें तथा अपने आसपास किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना बिना किसी डर के पुलिस को दें।