Himachal: औद्योगिक क्षेत्र पांवटा साहिब के मतरालियों में एक हृदयविदारक घटना सामने आई है। यहां किराए के कमरे में रह रहे उत्तर प्रदेश के एक 27 वर्षीय युवक की करंट लगने से मौत हो गई। हादसा उस वक्त हुआ जब युवक काम से लौटकर नहाने के लिए बाथरूम में गया था। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया है और मामले की छानबीन शुरू कर दी है।
मृतक की पहचान निखिल चौहान (27), पुत्र सुरेंद्र, निवासी सहारनपुर (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है। निखिल पिछले काफी समय से पांवटा साहिब के मतरालियों क्षेत्र में रहकर निजी काम करता था। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, शुक्रवार रात करीब 10:30 बजे निखिल अपनी ड्यूटी खत्म कर कमरे पर लौटा। वह नहाने के लिए बाथरूम में गया और जैसे ही उसने पानी गर्म करने के लिए गीजर का स्विच ऑन किया, उसे जोरदार बिजली का झटका लगा। निखिल के गिरने की आवाज सुनकर कमरे में मौजूद उसके साथी तुरंत बाथरूम की ओर भागे, जहां उन्होंने निखिल को बेसुध पाया। उसे आनन-फानन में सिविल अस्पताल पांवटा साहिब ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। अस्पताल प्रबंधन की सूचना पर पहुंची पुलिस टीम ने घटनास्थल का मुआयना किया और साक्ष्य जुटाए।
एसपी सिरमौर, निश्चिंत सिंह नेगी ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि प्रथम दृष्टया यह मामला गीजर में शॉर्ट सर्किट की वजह से करंट लगने का लग रहा है। पुलिस ने सीआरपीसी की धारा 174 के तहत कार्रवाई अमल में लाई है। शनिवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों के हवाले कर दिया गया है।