Himachal हिमाचल: हिमाचल प्रदेश पुलिस की विशेष जांच इकाई (एसआईयू) ने नशा तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए उत्तराखंड के दो तस्करों को 323 ग्राम चिट्टा (हेरोइन) के साथ गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई सिरमौर जिले के उपमंडल पांवटा साहिब के अंतर्गत मेहरूवाला क्षेत्र में की गई।
पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि उत्तराखंड के दो तस्कर डाकपत्थर के रास्ते पांवटा साहिब में चिट्टा सप्लाई करने आ रहे हैं। इस पर एसआईयू टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए भंगानी-डाकपत्थर मार्ग पर मेहरूवाला के पास चेक पोस्ट स्थापित कर दी। पुलिस टीम ने क्षेत्र में संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी और जल्द ही उनकी मेहनत रंग लाई।चेक पोस्ट के दौरान पुलिस टीम ने सामने से आ रहे दो संदिग्ध युवकों को रोका। जब उनकी गहनता से तलाशी ली गई तो उनके पास से 323 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान शोएब खान पुत्र सलीम खान और शाकिब शाह पुत्र सोनू शाह के रूप में हुई है। दोनों आरोपी उत्तराखंड के देहरादून जिले के विकास नगर तहसील के जीवनगढ़ के रहने वाले हैं।
शुरुआती जांच में पता चला है कि ये दोनों आरोपी हिमाचल प्रदेश में नशे की बड़ी खेप सप्लाई करने की फिराक में थे। पुलिस को शक है कि इनके पीछे कोई बड़ा नेटवर्क हो सकता है। इस बात की भी जांच की जा रही है कि इनका हिमाचल के स्थानीय नशा तस्करों से कोई कनेक्शन तो नहीं है। एएसपी योगेश रोल्टा ने बताया कि दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है और आगे की जांच जारी है। उन्होंने बताया कि हिमाचल पुलिस लगातार नशे के खिलाफ अभियान चला रही है और नशा तस्करों पर कड़ी नजर रखी जा रही है।