Himachal हिमाचल: हिमाचल प्रदेश के कुल्लू ज़िले में पुलिस की विशेष शाखा एएनटीएफ (एंटी-नारकोटिक्स टास्क फोर्स) की टीम ने नशे के खिलाफ अपने अभियान को जारी रखते हुए एक बड़ी कामयाबी हासिल की है। गश्त के दौरान टीम ने सेउबाग से पंजाब के दो लोगों को 11 ग्राम चिट्टा (हेरोइन) के साथ रंगे हाथों गिरफ्तार किया।
एएनटीएफ कुल्लू के डीएसपी हेमराज वर्मा ने इस कार्रवाई की जानकारी देते हुए बताया कि एएनटीएफ की टीम लेफ्ट बैंक, सेउबाग इलाके में नियमित गश्त पर थी। इस दौरान वहां मौजूद दो व्यक्तियों की गतिविधियाँ टीम को संदिग्ध लगीं। संदेह के आधार पर टीम ने दोनों व्यक्तियों को गिरफ्तार कर उनकी तलाशी ली। तलाशी के दौरान उनके पास से 11 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अमन शर्मा पुत्र स्वर्गीय ओम प्रकाश शर्मा, निवासी फतेहपुर छाबला रोड, सतनाम नगर कॉलोनी, डाकघर हकीमा गेट, तहसील व जिला अमृतसर (पंजाब) और कुलदीप सिंह पुत्र संतोष सिंह, निवासी माला बाली, डाकघर जुजार सिंह, थाना छावनी, तहसील व जिला अमृतसर (पंजाब) के रूप में हुई है।
डीएसपी वर्मा ने बताया कि दोनों आरोपियों के खिलाफ नारकोटिक ड्रग्स एंड साइकोट्रोपिक सब्सटेंसेज (एनडीपीएस) अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस अब मामले की आगे की जाँच कर रही है, जिसमें यह पता लगाने का प्रयास किया जाएगा कि यह चिट्टा कहाँ से लाया गया था और वे इसे कहाँ पहुँचाने की योजना बना रहे थे।