हमीरपुर मेडिकल कॉलेज में मिलेंगी AIIMS जैसी सुविधाएं, मरीजों को बड़ी राहत
हमीरपुर मेडिकल कॉलेज बनेगा आधुनिक स्वास्थ्य केंद्र, कैंसर केयर से लेकर पैट स्कैन की सुविधा
हमीरपुर: हिमाचल प्रदेश के हमीरपुर स्थित डॉ. राधाकृष्णन राजकीय मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में मरीजों को अत्याधुनिक चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की गई है। मुख्यमंत्री के राजनीतिक सलाहकार सुनील शर्मा बिट्टू ने बुधवार को सीनियर सिटीजन काउंसिल की बैठक में यह जानकारी दी।
बैठक में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे सुनील शर्मा बिट्टू ने बताया कि मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने मेडिकल कॉलेज में अलाइड हेल्थ सर्विसेज कॉलेज, नर्सिंग कॉलेज, डेंटल कॉलेज, अलग मदर-चाइल्ड अस्पताल और कैंसर केयर संस्थान का प्रावधान किया है।
इसके अलावा अस्पताल में पैट स्कैन, रोबोटिक सर्जरी और नई दिल्ली के एम्स के स्तर की अन्य आधुनिक चिकित्सा सुविधाओं एवं उपकरणों की व्यवस्था भी की गई है। उन्होंने कहा कि इन सुविधाओं से हमीरपुर सहित पूरे हिमाचल प्रदेश के मरीजों को बेहतर उपचार मिल सकेगा।
सुनील शर्मा बिट्टू ने कहा कि सरकार के इन प्रयासों से हमीरपुर मेडिकल कॉलेज उत्तर भारत के प्रमुख चिकित्सा एवं मेडिकल शिक्षण संस्थानों में अपनी पहचान बना सकेगा।
इस दौरान उन्होंने सीनियर सिटीजन काउंसिल के जनसेवा कार्यों की सराहना की। उन्होंने कहा कि संस्था अस्पताल में आने वाले मरीजों, उनके परिजनों और जरूरतमंद लोगों की लगातार सहायता कर रही है।
कार्यक्रम में काउंसिल की ओर से मेडिकल कॉलेज अस्पताल को व्हीलचेयर और स्ट्रेचर भी भेंट किए गए। बैठक में काउंसिल अध्यक्ष भगवान दास शास्त्री, एपीएमसी अध्यक्ष अजय शर्मा, मेडिकल कॉलेज के प्रधानाचार्य डॉ. रमेश भारती, मेडिकल सुपरिंटेंडेंट डॉ. देशराज शर्मा सहित कई पदाधिकारी और अधिकारी उपस्थित रहे।