Hamirpur हमीरपुर: हिमाचल प्रदेश के हमीरपुर जिले की ग्राम पंचायत उखली में शुक्रवार सुबह दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां खाना बनाते समय गैस सिलेंडर में जोरदार विस्फोट होने से एक प्रवासी मजदूर की मौके पर ही मौत हो गई। यह हादसा इतना भीषण था कि मजदूर को संभलने का मौका भी नहीं मिला। जानकारी के अनुसार उक्त मजदूर उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद जिले का रहने वाला था और जल शक्ति विभाग के ठेकेदार के माध्यम से काम करने के लिए हमीरपुर आया था। मजदूरों का यह समूह गुरुवार शाम को हमीरपुर पहुंचा था और उखली गांव स्थित जल शक्ति विभाग के पंप हाउस के एक कमरे में ठहरा हुआ था।
हादसे के वक्त कमरे में कुल सात मजदूर मौजूद थे। सिलेंडर फटते ही 6 मजदूर जान बचाकर भागने में कामयाब हो गए, लेकिन एक मजदूर इसकी चपेट में आ गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। धमाके की आवाज इतनी तेज थी कि पूरा इलाका दहल गया। धमाके की आवाज सुनकर स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और तुरंत पुलिस को सूचना दी। सदर पुलिस थाना हमीरपुर की टीम ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और घटना की जांच शुरू कर दी है।
Tags: