न्यूज़ क्रेडिट : divyahimachal.com

जनता से रिश्ता वेबडेस्क। पूर्व मुख्यमंत्री शांता कुमार ने कहा कि कर्मचारी मतदाता नहीं, बल्कि मत निर्माता हैं और इनकी बातों पर समाज अमल करता है। शांता कुमार रविवार को सुलाह निर्वाचन क्षेत्र के भवारना में सर्व कर्मचारी महासम्मेलन में बतौर मुख्य अतिथि अपने संबोधन में बोल रहे थे। उन्होंने कहा कि यह सर्व कर्मचारी सम्मेलन कर्मचारियों का नहीं, बुद्धिजीवियों का सम्मेलन है। उन्होंने कहा कि वर्तमान पांच वर्ष का कार्यकाल प्रदेश में शानदार रहा है और आने वाले पांच वर्षों का कार्यकाल ऐतिहासिक होगा। प्रदेश के लिए यह गौरव की बात है कि दुनिया के सबसे बड़े राजनीतिक दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा हिमाचल से हैं। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर बहुत सराहनीय कार्य कर रहे हैं। हिमाचल प्रदेश के युवा नेता अनुराग ठाकुर भारत सरकार कैबिनेट में वरिष्ठ मंत्री के रूप में सराहनीय कार्य कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि सबसे अधिक विकास सुलाह निर्वाचन क्षेत्र में हुआ है और विपिन सिंह परमार इस जिम्मेदारी को बखूबी निभा रहे हैं। उधर, विधान सभा अध्यक्ष विपिन सिंह परमार ने पूर्व मुख्यमंत्री शांता कुमार और घनश्याम शर्मा का स्वागत किया और सुलाह के निर्वाचन क्षेत्र के सर्व कर्मचारी महासम्मेलन की बधाई दी। श्री परमार ने कहा कि कर्मचारी औऱ अधिकारी सरकार की रीढ़ होते हैं।

उन्होंने कहा कि सरकार योजनाएं तथा नीतियां बनाती है और कर्मचारी-अधिकारी इन योजनाओं को जनमानस तक पहुंचाने का कार्य करते हैं। उन्होंने कहा कि सरकार ने कर्मचारियों और अधिकारियों के हितों की रक्षा की है। वहीं, कर्मचारी, पेंशनर एवं श्रमिक कल्याण बोर्ड उपाध्यक्ष घनश्याम शर्मा ने भव्य कर्मचारी महासम्मेलन के आयोजन की बधाई दी। उन्होंने कहा कि जयराम ठाकुर सरकार ने प्रदेश के कर्मचारियों के हितों को सुरक्षित रखा है। उन्होंने कहा कि सरकार कर्मचारियों और पेंशनर्स के प्रति संवेदनशीलता से कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि सरकार ने साढ़े 16 हजार करोड़ के वित्तीय लाभ दिए हैं। कार्यक्रम में मंडल अध्यक्ष कैप्टन देशराज शर्मा, जसमेर राणा, विजय गुलेरिया, तनु भारती, अशोक पुरोहित, सोनिया बंटा, वंदना अवस्थी, शिवालिक, अनिल पुरी, नितिन पाटिल सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
Tags: