मंडी, कांगड़ा और चम्बा जिलों में जलप्रलय, 22 लोगों की मौत, 8 लापता

बड़ी खबर

Update: 2022-08-21 06:38 GMT
गोहर। हिमाचल में भारी बारिश के बीच प्रदेश में एक ही दिन में 35 घटनाओं में 22 लोगों की मौत हो गई, वहीं 8 लोग लापता हैं। सबसे ज्यादा 15 मौतें मंडी जिला, 3 चम्बा, शिमला 2 तथा 2 मौतें कांगड़ा जिला में हुईं। भूस्खलन व बाढ़ से मंडी, चम्बा और कांगड़ा जिला में सबसे अधिक नुक्सान हुआ है। पिछले 24 घंटों में वर्षा से प्रदेश में 1200 करोड़ से अधिक का नुक्सान हुआ है। प्रदेश में 742 सड़क मार्ग बंद हैं, वहीं 2 हजार ट्रांसफार्मर ठप्प और 172 जलापूर्ति योजनाएं प्रभावित हुई हैं। मंडी जिला के नाचन क्षेत्र की पंचायत काशन के गांव झड़ोंन में शुक्रवार रात पहाड़ी धंसने से मलबे की चपेट में आया मकान जमींदोज हो गया। इस दर्दनाक घटना में मकान के अंदर सोए पंचायत प्रधान सहित उनके परिवार के 8 लोगों की मौत हो गई। घटना रात करीब डेढ़ से 2 बजे की बताई जा रही है। सुबह 3 बजे से शुरू हुआ रैस्क्यू ऑप्रेशन दोपहर बाद 2 बजे तक चला। 11 घंटे बाद मलबे में दबे सभी 8 शवों को बरामद किया गया। हादसे में प्रधान के छोटे भाई और माता-पिता ही बच पाए हैं। उधर, सराज के केऊली में सुबह गऊशाला में गई एक महिला की मलबे में दबने से मौत गई। जिला चम्बा के उपमंडल चुवाड़ी के चुड़ाना गांव में बारिश से एक घर के भीतर मलबा घुस गया। मलबे में दबने के कारण पति,पत्नी तथा बेटे की मौत हो गई। ठियोग उपमंडल के तहत माईपुल के समीप शनिवार शाम हुए भूस्खलन के चलते 2 लोगों की मौत हो गई। वाहन में यूपी के रहने वाले 4 पर्यटक सफर कर रहे थे कि अचानक भूस्खलन होने के चलते माईपुल के समीप वाहन पर पत्थर आ गिरे, जिसके चलते दुर्घटना में 2 लोगों की मौत हो गई, जबकि 2 को घायल अवस्था में उपचार के लिए सिविल अस्पताल ठियोग लाया गया है।
सरकार ने पर्यटकों के लिए एडवाइजरी जारी की गई है। इसमें पर्यटकों को भूस्खलन संभावित क्षेत्रों में नहीं जाने व नदी-नालों से दूर रहने की सलाह दी गई है। शनिवार को प्रदेश में हुई भारी बारिश से नुक्सान को लेकर मुख्य सचिव आरडी धीमान ने लोक निर्माण विभाग, राजस्व विभाग, जल शक्ति विभाग, विद्युत बोर्ड के अधिकारियों व सभी उपायुक्तों की बैठक ली और भारी बारिश से हुए नुक्सान का जायजा लिया। उन्होंने सभी अधिकारियों को राहत व बचाव कार्य में तेजी से कार्य करने के निर्देश दिए हैं, साथ ही पर्यटन विभाग को हिमाचल में आने वाले सैलानियों के लिए एडवाइजरी जारी करने को भी कहा है। बैठक के दौरान लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों ने जानकारी दी कि प्रदेश में भारी बारिश के बीच 742 सड़कों में से 268 को बहाल कर दिया है अन्य को बहाल करने का कार्य युद्ध स्तर पर कार्य जारी है। बिजली बोर्ड के अधिकारियों ने बताया कि 2 हजार ट्रांसफार्मर में से 1500 में बिजली आपूर्ति बहाल कर दी गई है। इस पर मुख्य सचिव ने बोर्ड को शत-प्रतिशत बिजली आपूर्ति बहाल करने के निर्देश दिए।
Tags:    

Similar News