सीएम सुक्खू ने केंद्रीय ऊर्जा मंत्री के समक्ष की हिमाचल के हक की पैरवी

Update: 2023-06-10 10:28 GMT
शिमला
वाइब्रेंट विलेज प्रोग्राम के तहत केंद्रीय ऊर्जा मंत्री आरके सिंह को किन्नौर जिला में चीन सीमा के गांव छितकुल ले गए। इस दौरान मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने प्रदेश हित के मसले भी उठाए हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि उन्होंने केंद्रीय ऊर्जा मंत्री से शानन जलविद्युत परियोजना को हिमाचल प्रदेश को हस्तातंरित करने के लिए समयबद्ध प्रक्रिया पूर्ण करने का आग्रह किया। उन्होंने केंद्रीय मंत्री को शानन परियोजना के स्वामित्व से संबंधित विभिन्न पहलुओं से अवगत करवाया। केंद्रीय मंत्री को यह भी अवगत करवाया गया कि शानन परियोजना के स्वामित्व का अधिकार पंजाब सरकार के पास नहीं है, क्योंकि यह परियोजना केवल पट्टे पर पंजाब को दी गई थी और पट्टे की यह अवधि मार्च, 2024 में पूरी हो रही है। सीएम ने कहा कि हिमाचल प्रदेश के हितों के दृष्टिगत उन्होंने केंद्र सरकार से प्रदेश में 25 मेगावॉट क्षमता से कम की पन विद्युत परियोजनाओं को सुविधा प्रदान करने के दृष्टिगत इनके ढांचागत विकास के लिए एक योजना बनाने का भी आग्रह किया गया है। केंद्रीय मंत्री के साथ नि:शुल्क विद्युत बिक्री से संबंधित विभिन्न मामलों पर भी चर्चा की गई।
ग्रीन हाइड्रोजन का उत्पादन बढ़ाने पर जो दे रही सरकार
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ने सौर विद्युत के अनुरूप हिमाचल प्रदेश को हरित हाइड्रोजन के उत्पादन के लिए प्रोत्साहन प्रदान करने का आग्रह किया, ताकि हरित हाइड्रोजन उत्पादन क्षेत्र में प्रतिस्पर्धा बढ़ाई जा सके। उन्होंने केंद्रीय मंत्री को बताया कि प्रदेश सरकार इलेक्ट्रिक वाहनों के उपयोग को बढ़ावा देने के लिए विभिन्न सुविधाएं प्रदान कर रही है। वर्ष 2023-24 के लिए प्रदेश में 500 मेगावॉट सौर ऊर्जा उत्पादन का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि केंद्रीय मंत्री ने उनके द्वार उठाए गए सभी मुद्दों को समयबद्ध हल करने के प्रति आश्वस्त किया है।
केंद्रीय मंत्री ने जांची पौंग डैम की सेहत
गजेंद्र सिंह शेखावत बोले, 50 साल पुराने बांधों का हो रहा निरीक्षण
निजी संवाददाता — जवाली
जिन बांधों ने 50 साल पूरे कर लिए हैं, उनका प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आदेशानुसार निरीक्षण किया जा रहा है। यह बात केंद्रीय जलशक्ति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने पौंग डैम का निरीक्षण करने उपरांत कही। केंद्रीय जल शक्ति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने सर्वप्रथम पौंग बांध निर्माण के समय शहीद हुए लोगों को श्रद्धांजलि दी। केंद्रीय जलशक्ति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने कहा कि वह 50 वर्ष पूरे कर चुके बांधों का निरीक्षण कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे बांधों के उचित रखरखाव को लेकर किसी भी प्रकार के धन की कमी नहीं आने दी जाएगी। वहीं, जल्द ही बांध सेफ्टी एक्ट संसद में पारित किया जाएगा। बांधों पर हो रही गतिविधियों को वह स्वयं देखने आए हैं। केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत से जब मीडिया ने सवाल किया कि पौंग बांध बनने पर जो लोग विस्थापित हुए थे, उन्हें न ही एग्रीमेंट अनुसार जमीन मिली और न ही पानी पर हक मिला है, तो इस पर केंद्रीय मंत्री ने कहा कि यह मामला कोर्ट में चला हुआ है और इस पर वह टिप्पणी नहीं करना चाहते हैं।
सीमावर्ती क्षेत्रों के विकास पर चर्चा
रिकांगपिओं में केंद्रीय मंत्री-सीएम ने जवानों से की मुलाकात
मोहिंद्र नेगी — रिकांगपिओ
केंद्रीय ऊर्जा मंत्री आरके सिंह और मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू सहित बागबानी, राजस्व एवं जनजातीय विकास मंत्री जगत सिंह ने गुरुवार सायं सेना और भारत-तिब्बत सीमा पुलिस की 17वीं बटालियन के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ रिकांगपिओ में बैठक की।
इस अवसर पर सेना और आईटीबीपी के अधिकारियों ने केंद्रीय मंत्री एवं मुख्यमंत्री को उत्तरी सीमावर्ती क्षेत्रों से संबंधित विकास कार्यांे की जानकारी दी। उपायुक्त किन्नौर, तोरुल एस रवीश ने जिला किन्नौर और लाहुल-स्पीति में सरकार द्वारा चलाए जा रहे वाइब्रेंट विलेज कार्यक्रम पर विस्तृत प्रस्तुति दी। केंद्रीय ऊर्जा मंत्री और मुख्यमंत्री ने 450 मेगावाट की शौगटोंग कड़छम हाइड्रो विद्युत परियोजना के विकास कार्यों की भी समीक्षा की। इसके पश्चात स्थानीय ग्राम पंचायतों के प्रतिनिधियों ने केंद्रीय मंत्री, मुख्यमंत्री सहित राजस्व मंत्री का स्वागत किया। (एचडीएम)
केंद्रीय मंत्री की विदाई
शिमला — केंद्रीय ऊर्जा मंत्री आरके ङ्क्षसह और मुख्यमंत्री सुक्खू को रिकांगपिओ में स्थानीय लोगों द्वारा विदाई दी गई। केंद्रीय मंत्री ने जनजातीय क्षेत्र की जनता द्वारा स्नेहपूर्ण आतिथ्य-सत्कार के लिए लोगों का आभार जताया। इससे पहले मुख्यमंत्री ने कल्पा में भी लोगों की समस्याएं सुनीं।
पुलिस को मिलेगा और स्टाफ
सुखविंदर सुक्खू बोले, विभाग के आधुनिकीकरण के लिए बजट देगी सरकार
सीएम ने जारी की पुलिस विभाग की कॉफी टेबल बुक
स्टाफ रिपोर्टर — शिमला
मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने पुलिस विभाग में सुधार पर बल देते हुए कहा कि विभाग के आधुनिकीकरण के लिए पर्याप्त निधि तथा पुलिस बल के सुचारू व प्रभावी कार्यान्वयन के लिए स्टाफ में वृद्धि की जाएगी। राज्य सरकार प्रदेश में सरकारी भवनों के निर्माण में गुणवत्ता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से भी सार्थक प्रयास कर रही है। मुख्यमंत्री ने शुक्रवार को अपने सरकारी आवास ओक ओवर से वर्चुअल माध्यम से सोलन में पुलिस विभाग के आवासीय भवन का उद्घाटन करने के उपरांत पुलिस विभाग द्वारा प्रकाशित कॉफी टेबल बुक ‘एक्सपीरियंस दी वॉटर्स ऑफ हिमाचल’ भी जारी की। प्रदेश में इस वर्ष जिला ऊना के अंदरोली में आयोजित 22वीं अखिल भारतीय पुलिस जल क्रीड़ा प्रतियोगिता की झलकियां इसमें प्रस्तुत की गई हैं। इसके अलावा इसमें प्रदेश के मनमोहक जलाशयों को भी प्रदर्शित किया गया है। मुख्यमंत्री ने विभाग के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि इससे राज्य में जलक्रीड़ा को बड़ावा देने में मदद मिलेगी।
स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री डा. (कर्नल) धनी राम शांडिल तथा मुख्य संसदीय सचिव सुंदर सिंह ठाकुर कुल्लू से वर्चुअली इसमें शामिल हुए। पुलिस महानिदेशक संजय कुंडू ने मुख्यमंत्री का स्वागत किया और पुलिस विभाग द्वारा की जा रही विभिन्न गतिविधियों की जानकारी दी। उद्योग मंत्री हर्षवर्धन चौहान, राजस्व मंत्री जगत सिंह नेगी, हिमाचल प्रदेश पर्यटन विकास निगम के अध्यक्ष रघुवीर सिंह बाली, विधायक हरीश जनार्था और विनोद सुल्तानपुरी, अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (सतर्कता) सतवंत अटवाल, अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (कानून व्यवस्था) अभिषेक त्रिवेदी तथा पुलिस विभाग के अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी इस अवसर पर उपस्थित थे।
Tags:    

Similar News

-->