पेयजल सिंचाई सुविधाओं की मजबूती पर खर्चे किए जा रहे सवा 300 करोड़ : महेंद्र सिंह
बड़ी खबर
धर्मपुर। जलशक्ति मंत्री महेंद्र सिंह ठाकुर ने कहा कि धर्मपुर विधानसभा क्षेत्र के संधोल, टिहरा और बर'छवाड़ क्षेत्र में पेयजल-सिंचाई सुविधाओं की मजबूती पर करीब सवा 300 करोड़ रुपए व्यय किए जा रहे हैं। इससे लोगों को पर्याप्त मात्रा में पेयजल तथा बेहतर सिंचाई की बेहतर सुविधा मिलेगी। उन्होंने यह बात शनिवार को धर्मपुर विधानसभा क्षेत्र के गांव करयाल, जटगहरा, कटेहड़ा, सधोट, जोल, धनराशी पाड़छू, हुक्कल, खनालग तथा बस्ती में जन शिकायत निवारण शिविरों में कही। इस अवसर पर उन्होंने लोगों की समस्याओं को सुना। उन्होंने कहा कि धर्मपुर क्षेत्र के तहत अवाहदेवी-बर'छवाड़ तथा संधोल-टिहरा सिंचाई योजनाओं पर 100-100 करोड़ रुपए व्यय किए जा रहे हैं। इसके अतिरिक्त 115 करोड़ रुपए से संधोल-बरच्छबाड़ पेयजल योजना का निर्माण किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि इन योजनाओं से क्षेत्र के लोगों को 24 घंटे पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित होगी तथा किसानों व बागवानों के खेतों के लिए सिंचाई की बेहतर सुविधा उपलब्ध मिलेगी।