सोलन: हिमाचल प्रदेश में दवाइयों के गुणवत्ता परीक्षण में लगातार सैंपल फेल होने का मामला राजनीतिक तूल पकड़ रहा है। भाजपा सोलन शहरी मंडल अध्यक्ष शैलेन्द्र गुप्ता ने कांग्रेस सरकार और स्वास्थ्य विभाग पर सवाल उठाते हुए स्वास्थ्य मंत्री डॉ. धनीराम शांडिल से इस्तीफे की मांग की है।

गुप्ता के मुताबिक, विधानसभा में पेश आंकड़ों के अनुसार पिछले तीन वर्षों में प्रदेश में निर्मित 2,216 दवाइयों के सैंपल गुणवत्ता जांच में फेल हुए हैं। वहीं, अक्टूबर के ड्रग अलर्ट में देशभर के 324 असफल सैंपलों में हिमाचल निर्मित 91 दवाइयां शामिल थीं। इनमें 65 सैंपल अकेले सोलन जिले के बताए गए हैं।

भाजपा नेता ने दवा निर्माण इकाइयों की निगरानी व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा कि दवाइयों की गुणवत्ता में कमी मरीजों की सुरक्षा के लिए चिंता का विषय है। उन्होंने सरकार से प्रभावी निगरानी सुनिश्चित करने की मांग की।

Tags: