182 मौतें और बहे 672 करोड़, प्रदेश में बरसात से 86 मकान जमींदोज, 299 घरों को नुकसान
शिमला
हिमाचल प्रदेश में गुरुवार को भी बारिश का दौर जारी रहेगा। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला की ओर से बारिश को लेकर यलो अलर्ट जारी किया गया है। इस दौरान प्रदेश के कई जिलों में बारिश के आसार हैं। तेज बारिश की संभावना को देखते हुए लोगों को सतर्क रहने को कहा गया हैं। शुकवार और शनिवार को हल्की बौछारें गिर सकती हैं। हिमाचल प्रदेश में मानसून की बारिश 672 करोड़ रुपए की सरकारी व गैर सरकारी संपत्ति को तबाह कर चुकी है। बरसात में जलशक्ति विभाग को 331 करोड़ व पीडब्ल्यूडी को 326 करोड़ रुपए का नुकसान हुआ है। बीते 24 घंटे के दौरान कुछेक स्थानों पर बारिश हुई है। इससे मंडी और ऊना जिला में एक -एक घर को आंशिक क्षति पहुंची है।
प्रदेश भर में बीते कुछ दिन से 44 सडक़ें, तीन बिजली के ट्रांसफार्मर और 10 पेयजल योजनाएं भी ठप पड़ी हुई है। कुल्लू में सबसे ज्यादा 20 सडक़ें व चंबा में 14 सडक़ें बंद है। वहीं, मानसून के 44 दिनों में 182 लोगों की भीषण सडक़ हादसों, भू-स्खलन और अचानक बाढ़ इत्यादि से जान जा चुकी है, जबकि 323 व्यक्ति घायल हुए हैं। शिमला में सबसे ज्यादा 30, मंडी में 23 और कुल्लू में 22 लोगों की मौत हुई है। राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के अनुसार मानसून सीजन के दौरान 86 मकान जमींदोज हो गए हैं, जबकि 299 मकान को आंशिक क्षति हुई है। ऐसे घरों में लोगों की रातें दहशत में बीत रही हैं। बारिश में 36 दुकानों, सात लेबर शेड, 264 गोशालाएं और 26 घाट भी तबाह हुए हैं।