Yamuna Nagar :बेखौफ बदमाशों ने एटीएम में कैश जमा कराने आए व्यक्ति को लूटा
Yamuna Nagar : यमुनानगर में बदमाशों के हौसले बुलंद होते नजर आ रहे हैं। बदमाशों ने बंदूक की नोक पर लूट की वारदात को अंजाम दिया। यह वारदात उस वक्त हुई जब व्यक्ति रात करीब साढ़े 10 बजे एटीएम मशीन में पैसे डालने आया था। बदमाश किसी बहाने से एटीएम में घुसे और बंदूक दिखाकर पैसे, मोबाइल और पर्स लेकर फरार हो गए। सूचना मिलते ही शहर थाना पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
यह वारदात उस वक्त हुई जब व्यक्ति बैंक के एटीएम में लगी कैश डिस्पेंसिंग मशीन में कैश डालने आया था। व्यक्ति ने बताया कि वह बैंक के एटीएम में अपनी किश्त जमा कराने आया था। जैसे ही वह मशीन में कैश डालने लगा तो एक व्यक्ति किसी बहाने से एटीएम में घुसा और बंदूक की नोक पर व्यक्ति से 16000 रुपए कैश, मोबाइल और पर्स लूटकर फरार हो गया। इतना ही नहीं बदमाशों ने पीड़ित को जान से मारने की धमकी भी दी।
हालांकि बदमाश मोबाइल को बाहर फेंक कर फरार हो गए। एसएचओ ने पीड़ित से पूरे मामले की जानकारी ली। थाना प्रभारी ने मीडिया को जानकारी देते हुए बताया कि सूचना मिलने पर उनकी टीम यहां पहुंच गई है। पीड़िता से जानकारी ली गई है। आरोपियों की तलाश में टीम जुटी हुई है। लेकिन सवाल यह है कि शहर में बदमाशों के हौसले इतने बुलंद कैसे हो गए? क्या पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था में कोई कमी है? इस घटना ने एक बार फिर शहर की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।