हरियाणा में पहले चरण के लिए वोटिंग कल, पोलिंग पार्टियां चुनाव सामग्री को लेकर हुई रवाना
बड़ी खबर
यमुनानगर। हरियाणा में पंचायत चुनावों के पहले चरण का मतदान 30 अक्टूबर को होगा। जिसके लिए पूरे प्रदेश में तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। पोलिंग पार्टियां चुनाव सामग्री को लेकर रवाना हो चुकी है। चुनाव में सुरक्षा के व्यापक प्रबंध किए गए हैं। बता दें कि यमुनानगर में चुनाव की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। प्रथम चरण में दो फेज में यहां चुनाव होगा। यमुनानगर के जिला विकास एवं पंचायत अधिकारी शंकरलाल ने बताया कि 30 अक्टूबर को जिला परिषद एवं ब्लाक समिति का चुनाव होगा एवं दो नवंबर को पंच व सरपंचों के चुनाव होंगे। उन्होंने बताया कि जिले में 490 ग्राम पंचायतें हैं। 490 ग्राम पंचायतों में से 40 सरपंच सर्वसम्मति से चुने गए हैं। 449 पंचायतों में चुनाव होगा। 3841 पंच के पदों में से 2610 पंच निर्विरोध चुने गए हैं। उन्होंने बताया कि 1128 पदों के लिए चुनाव होगा।
उन्होंने बताया कि जिला परिषद के 18 वार्डों के लिए 669 बूथों पर चुनाव होगा। जिले में 126 बूथ हाइपरसेंसेटिव है,101 बूथ सेंसेटिव है, वहां सुरक्षा के लिए अतिरिक्त सुरक्षाबल उपलब्ध रहेगा। वहीं ब्लॉक समिति के 7 ब्लॉकों में 139 पदों के लिए चुनाव है जिनमें से तीन सदस्य सर्वसम्मति से चुने गए हैं। उन्होंने बताया कि 64 ड्यूटी मजिस्ट्रेट तैनात किए जाएंगे जिनके साथ पुलिस की टुकड़ी उपलब्ध रहेगी जो किसी भी तरह की बूथ पर दिक्कत आने पर उसका समाधान करेंगे। जिला परिषद, ब्लॉक समिति एवं सरपंच पद का चुनाव ईवीएम से होगा जबकि पंच पद के चुनाव के लिए बेल्ट पेपर इस्तेमाल किया जाएगा। जिले में 5 लाख 15000 मतदाता है। जिला विकास एवं पंचायत अधिकारी ने बताया कि पंचायत समिति के 139 पदों के लिए के लिए 556 उम्मीदवार, जिला परिषद के 18 उम्मीदवारों के लिए 147 प्रत्याशी, सरपंच पद के लिए 1627 प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं।