हर्ष मामले में निष्पक्ष जांच की मांग हजारों लोगों ने किया शक्ति प्रदर्शन
हर्ष एनकाउंटर मामले
करनाल: हरियाणा के करनाल में हर्ष एनकाउंटर मामले को लेकर रोड़ समाज ने सोमवार को बड़ा प्रदर्शन किया। समाज के हजारों लोग सड़कों पर उतरे और न्याय की मांग को लेकर मार्च निकाला। प्रदर्शनकारियों ने मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों पर कार्रवाई की मांग करते हुए प्रशासन को 30 अगस्त तक का अल्टीमेटम दिया है।
प्रदर्शन में करीब 5000 लोगों के शामिल होने का दावा किया गया। बड़ी संख्या में लोग रोड़ धर्मशाला से निकलकर शहर के प्रमुख मार्गों से होते हुए जिला सचिवालय पहुंचे। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने नारेबाजी करते हुए हर्ष एनकाउंटर मामले में निष्पक्ष कार्रवाई की मांग उठाई।
DC ने जमीन पर बैठकर लिया ज्ञापन
प्रदर्शनकारियों की भीड़ को देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए थे। जिला उपायुक्त (DC) मौके पर पहुंचे और प्रदर्शनकारियों से बातचीत की। बताया गया कि डीसी ने जमीन पर बैठकर समाज के प्रतिनिधियों से ज्ञापन लिया और उनकी मांगों को सरकार तक पहुंचाने का आश्वासन दिया। समाज के लोगों ने ज्ञापन के माध्यम से हर्ष एनकाउंटर की जांच पर सवाल उठाए और मामले में पारदर्शी जांच की मांग रखी। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि जब तक उनकी मांगों पर संतोषजनक कार्रवाई नहीं होती, तब तक आंदोलन जारी रहेगा।
30 अगस्त तक कार्रवाई की मांग
रोड़ समाज के प्रतिनिधियों ने प्रशासन को चेतावनी दी है कि यदि 30 अगस्त तक उनकी मांगों पर ठोस निर्णय नहीं लिया गया तो वे आगे की रणनीति तय करेंगे। समाज ने पुलिस अधिकारियों की भूमिका की भी जांच कराने की मांग की है। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि हर्ष मामले में सच्चाई सामने आनी चाहिए और किसी भी निर्दोष के साथ अन्याय नहीं होना चाहिए। उन्होंने सरकार से जल्द कार्रवाई की अपील की है।
सुरक्षा व्यवस्था रही कड़ी
बड़े प्रदर्शन को देखते हुए करनाल में पुलिस बल तैनात रहा। प्रशासन ने यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए भी विशेष इंतजाम किए। अधिकारियों ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की। हर्ष एनकाउंटर मामला अब राजनीतिक और सामाजिक स्तर पर भी चर्चा का विषय बन गया है। रोड़ समाज लगातार मामले की जांच और न्याय की मांग को लेकर आंदोलन कर रहा है।