सोनीपत: संत शिरोमणि गुरु रविदास महाराज की 650वीं जयंती वर्ष के उपलक्ष्य में जालंधर से वाराणसी तक निकाली जा रही समरसता संकल्प यात्रा का गुरुवार को गन्नौर पहुंचने पर भव्य स्वागत किया गया। भाजपा नेता देवेंद्र कौशिक के नेतृत्व में आयोजित समारोह में बड़ी संख्या में श्रद्धालु और कार्यकर्ता शामिल हुए।

देवेंद्र कौशिक ने कहा कि संत रविदास ने अपनी अमृतवाणी के माध्यम से समाज को प्रेम, करुणा और समानता का संदेश दिया। पूर्व मंत्री कविता जैन ने उनकी शिक्षाओं को आने वाली पीढ़ियों के लिए अमूल्य धरोहर बताया।

पंजाब के जालंधर स्थित डेरा सचखंड बल्लां से 18 नवंबर को शुरू हुई यह यात्रा करीब 2,402 किलोमीटर की दूरी तय कर वाराणसी स्थित संत रविदास की जन्मस्थली सीर गोवर्धनपुर पहुंचेगी। विभिन्न राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के करीब 47 शहरों से गुजरने वाली यात्रा का समापन तीन दिसंबर को होगा।

कार्यक्रम में भारत रत्न डॉ. भीमराव आंबेडकर को भी श्रद्धांजलि अर्पित की गई। उपस्थित लोगों से सामाजिक न्याय, समानता, भाईचारे और मानव सेवा के आदर्शों को अपनाने का आह्वान किया गया।

Tags: