जींद में एक्सप्रेसवे पर भीषण सड़क हादसा, सेना के मेजर समेत चार घायल
जम्मू-कटरा एक्सप्रेसवे पर सड़क हादसा, चारों घायल पीजीआई रोहतक रेफर
जींद: हरियाणा के जींद जिले में गांव गांगोली के निकट जम्मू-कटरा एक्सप्रेसवे पर गुरुवार सुबह एक ब्रेजा कार आगे चल रहे कैंटर के पीछे जा घुसी। हादसे में सेना के एक मेजर, उनकी पत्नी, छोटी बच्ची और कार चालक गंभीर रूप से घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार, कार सवार परिवार पंजाब से दिल्ली की ओर जा रहा था, जहां से उन्हें आगे बेंगलुरु जाना था। प्रारंभिक जानकारी में कैंटर चालक द्वारा अचानक ब्रेक लगाने को हादसे की संभावित वजह बताया जा रहा है।
सभी घायलों को उपचार के लिए नागरिक अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उनकी गंभीर हालत को देखते हुए पीजीआई रोहतक रेफर कर दिया। घायल व्यक्ति के पास मिले पहचान पत्र के अनुसार उनका नाम मेजर देबानजान शाह है, जबकि कार चालक की पहचान पंजाब के मलेरकोटला निवासी कुलविंदर के रूप में हुई है।
पिल्लूखेड़ा थाना प्रभारी राजकुमार ने बताया कि हादसे में चार लोग घायल हुए हैं। पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है।